Monday, January 24, 2011

खोजी पत्रकारिता का नया आयाम: विकीलीक्स

जूलियन असांज ने विकीलीक्स वेबसाइट के रूप में पत्रकारिता को एक नया आयाम दिया है। ऐसे में जब दुनियाँ भर में पत्रकारिता लगातार विवादों से घिर रही है, विकीलीक्स ने न केवल अपने जुझारुपन और सतर्कता के साथ पत्रकारिता को एक नयी दिशा दी है बल्कि समाज और मानव अधिकारों के प्रति अपनी निष्ठा की मिसाल पेश की है। जूलियन असांज की लगन, दूर-दृष्टि और तकनीकी कुशलता की इस कार्य में महत्वपूर्ण भूमिका है। यह बात अलग है कि यह बृहद और विस्तृत कार्य सिर्फ़ और सिर्फ़ जूलियन असांज के द्वारा नहीं किया जा रहा है, इस कार्य़ में जूलियन असांज के साथ नौ सदस्यों वाली टीम और पूरी दुनियाँ में फैले लगभग आठ सौ स्वयंसेवक संलग्न हैं। जूलियन असांजे विकीलीक्स के संस्थापक और एडिटर-इन-चीफ हैं। वे आस्ट्रेलियाई मूल के एक इंटरनेट कार्यकर्ता हैं। विकीलीक्स शुरू करने से पहले असांजे भौतिकी और गणित के छात्र, एक विशेषज्ञ हैकर और कंप्यूटर प्रोग्रामर थे। वर्तमान में वह वेबसाइट के एडवाइजरी बोर्ड में बैठते हैं। उनके आलोचकों का कहना है कि जूलियन असांज प्रचार के भूखे हैं और प्रशंसक उन्हें सच का सिपाही मानते हैं, लेकिन जूलियन का लक्ष्य है दुनियाँ में अधिक पारदर्शिता लाना, और यही ज़िंदगी में आगे बढ़ने का उनके लिये एकमात्र मक़सद हैअसांजे पत्रकारिता की स्वतंत्रता के पक्षधर हैं जूलियन के साथ काम करने वाले कहते हैं कि वो कंप्यूटर-कोडिंग के महारथी और एक ऐसे एक शख्स हैं जिनकी बुद्धिमता और लगन ने उन्हें इस मुकाम पर खड़ा किया है। कई घन्टॊं तक बिना कुछ खाये-पिये काम करते रहना उनकी सामान्य दिनचर्या का हिस्सा है। वे लगातार यात्रायें करते हैं। अपने लैपटॉप और एक पिट्ठू बैग के साथ जहाँ भी उन्हें ज़रूरी सूचनायें मिलने की संभावना रहती है, वे निकल पड़ते है
    विकीलीक्स की स्थापना जूलियन असांज ने कम्प्यूटर के जानकार कुछ मित्रों के साथ सन 2006 में की थी। यह एक ऐसी वेबसाइट है जो कि किसी देश की सरकार, कंपनी, संस्था या किसी धार्मिक संगठन से सम्बन्धित वे जानकारियाँ इंटरनेट पर उपलब्ध कराती है, जिनका सीधा सम्बन्ध जनता के किये बनायी गयी नीतियों या मानव अधिकारों से होने के बावजूद दुनियाँ से छुपा ली जातीं हैं। यह एक अंतरराष्ट्रीय गैर लाभ मीडिया संगठन है जो कि वेबसाइट और इंटरनेट की सहायता से पत्रकारिता करता है। विकीलीक्स को कोई भी व्यक्ति ऐसी जानकारी इलेक्ट्रॉनिक ड्रॉप बॉक्स के जरिए दे सकता है, जो सेंसर्ड हो, प्रतिबंधित हो या पहले कभी न प्रकाशित हुई हो। विकीलीक्स की वेबसाइट पर खबर देने संबंधित जानकारी जुटाने के लिए ऑन लाइन चैट की भी सुविधा है। इस वेबसाइट को पर अपलोड की गयी सामग्रियों की कुछ कार्यकर्ता जाँच करते हैं फिर इन्हें वेबसाइट पर प्रकाशित किया जाता है ये सभी कार्यकर्ता पत्रकार है  विकीलीक्स यह सुनिश्चित करती है कि यह जानकारी किसी को न मिल सके कि पीडीएफ़ फ़ाइल्स, वर्ड डॉक्युमेंट, स्कैनर और प्रिंटर का स्रोत क्या था जिससे कि सूचनाएँ भेजने वाले व्यक्ति की पहचान छिपी रह सके। विकीलीक्स वेबसाइट साथ में अपलॊड की गयी सूचनाओं को कम्प्यूटरीकृत कूट भाषा में बदल देती है। जिससे सूचनायें देने वाले स्त्रोत के बारे में कोई जानकारी उपलब्ध नहीं हो पाती। इस वेबसाइट से उपयोगी सूचनाओं को हैकिंग से बचाने के लिये भी विकीलीक्स सदैव सतर्क रहती है। यह किसी भी समय अपने सर्वर में महत्वपूर्ण सूचनाओं के साथ सैकडों जाली या आभासी सूचनायें स्वयं अपलॊड करती रहती है जिससे भी बाहर से जो हैकर्स इस वेबसाइट के डेटा को हैक करने के प्रयास में लगे होते हैं वे असली डेटा और नकली डॆटा में फ़र्क नहीं कर पाते हैं। इस तरह अपलोड की जा रही सामग्री को हैकिंग से बचाया जाता है। वर्ष 2006 में शुरु की गई इस वेबसाइट पर इस समय दस लाख से ज़्यादा दस्तावेज़ मौजूद हैं। यह दुनिया का पहला समाचार संस्थान है जो किसी देश का नहीं है         
      विकीलीक्स ने अमेरिका की नींद उडा दी है। विकीलीक्स वेबसाइट द्वारा जारी किये गये दस्तावेज़ों से यह साफ़ पता लगता है कि अफ़गानिस्तान और इराक युद्धों में अमेरिका ने शान्ति के नाम पर वहाँ की जनता के साथ कितने ज़ुल्म ढाये। अमेरिका अब तक इराक युद्ध में मारे गये नागरिकॊं की संख्या को ज़रूरत से ज़्यादा घटाकर बताता रहा था। एक गैर सरकारी संगठन के सर्वे के अनुसार यह संख्या एक लाख के आस पास थी जिस पर अमेरिका ने कहा था कि ये संगठन युद्ध में हुई मौतों के सम्बन्ध में अतिशियोक्ति कर रहा है। विकीलीक्स वेब्साइट के आँकडों के अनुसार इराक युद्ध में एक लाख बाईस हज़ार से भी अधिक मौतें हुई। विकीलीक्स विभिन्न दस्तावेज़ों को अपनी वेबसाइट पर प्रकाशित करने के साथ साथ कई प्रतिष्ठ्त अखबारों को भी प्रकाशन के लिये भेजता है। प्रतिष्ठित अखबार द गार्ज़ियन के अनुसार वेबसाइट के इन आँकड़ॊं में पन्द्रह हज़ार से भी अधिक ऐसी मौतों का रिकार्ड है जिसके बारे में कहीं से कोई सूचना नहीं थी। गार्ज़ियन ने ज़ोर देते हुये यह भी लिखा है कि विकीलीक्स के आँकड़ो से यह तय है कि इराक में आम जनता के साथ हो रही यातनाऒं के बारे में अमेरिकी जनरलों को सूचना थी मगर फिर भी इस सम्बन्ध में कोई कदम नहीं उठाया गया। अख़बार ने ऐसे हादसों की कुछ मार्मिक तस्वीरें भी छापी हैं इसकी सबसे विशेष बात यह है कि तस्वीर सहित इन दस्तावेज़ों को जुटाने और हासिल करने के लिए कितने बड़े स्तर पर कोशिश करनी पड़ी होगी दूसरी चौंकाने वाली बात यह है कि इराक़ में यह कार्रवाई राष्ट्रपति ओबामा के पद संभालने के एक साल तक चलती रहींवहीं अख़बार ने यह भी लिखा है कि आत्मसमर्पण कर रहे चरमपंथियों को एक हेलिकॉप्टर से गोलाबारी करके मार डाला गया उसके मुताबिक़ उस घटना में रॉयटर्स समाचार एजेंसी के दो पत्रकारों को चरमपंथी समझ कर मार दिया गया था। इराक युद्ध से जुड़े इसी तरह के लगभग चार लाख दस्तावेज़ विकीलीक्स ने अक्टूबर २०१० में प्रकाशित किये हैं। जिससे पूरी दुनियाँ में खलबली मचने के साथ अमेरिका के शान्ति अभियान की असलियत भी सामने आ गयी है।
       यह तथ्य कमाल का है कि अमेरिका के खिलाफ़ इतनी जानकारियाँ जुटाना और उन्हें इंटरनेट पर प्रकाशित करके बेबसाइट को सुचारु रूप से चलाना कोई साधारण बात नहीं है। अमेरिका इंटरनेट की दुनियाँ की बहुत बड़ी शक्ति है। वेबसाइटों को चलाने के लिये आवश्यक अधिकतम सर्वर अमेरिका के नियंत्रण में है। अमेरिका जब चाहे किसी भी वेबसाइट को बन्द कर सकता है। अगर स्वयं अमेरिका ऐसा नहीं कर पाता तो वेबसाइट को हैक करके उसके क्रियान्वयन को बन्द करवा देना अमेरिका की नीति रही है। विकीलीक्स वेबसाइट को भी कई बार हैकिंग के बहुत गम्भीर खतरों का सामना करना पड़ा। कई बार विकीलीक्स वेब साइट को डिनायल ऑफ़ सर्विस के हमले किये गये। इस तरह के हमलों में वेबसाइट से इतनी अधिक मात्रा में डॆटा की माँग की जाती है कि वेबसाइट, डॆटा की अत्यधिक माँग के कारण काम करना बन्द कर देती है। इस तरह के अनेक हमले विकीलीक्स तभी से झेल रही है जब से उसने अमेरिका के खिलाफ़ सूचनाये लीक कीं हैं। मगर विकीलीक्स के संस्थापक और एडीटर-इन-चीफ़ जूलियन अयाँज भी हैकिंग के विशेषज्ञ और बुद्धिमान व्यक्ति हैं। आज विकीलीक्स की 1289 मिरर वेबसाइट हैं। मिरर वेबसाइट से मतलब है कि एक ही वेबसाइट के कई प्रतिरूप तैयार करके कई पतों पर स्थापित कर दिये जायें। इस तरह अमेरिका जैसी इंटरनेट की महाशक्ति भी इस वेबसाइट को बन्द नहीं कर पायी है और न ही इसके क्रियान्वयन को प्रभावित कर पायी है। इस सम्बन्ध में स्वयं जूलियन अयांज का कहना है, अपने स्रोतों को सुरक्षित रखने के लिए हमें अलग-अलग देशों से काम किया अपने संसाधनों और टीमों को भी हम अलग-अलग जगह ले गए, ताकि कानूनी रुप से सुरक्षित रह सकें अब हम ये सब करना सीख गए हैं आज तक न हमने कोई केस हारा है न ही अपने किसी स्रोत को खोया है”   
    कम्प्यूटर हैकिंग का ज़िक्र अक्सर नकारात्मक रूप में होता है। लेकिन आज नैतिक हैकिंग    कम्प्यूटेशन के क्षेत्र की एक स्वतंत्र विधा बनकर उभर चुकी है। जिसमें हैकिंग किसी सकारात्मक उद्देश्य से की जाती है और किसी संस्था के डॆटा में सेंध लगाने से पहले  ही सम्बन्धित अधिकारियों को सूचना दे दी जाती है। विकीलीक्स से पहले हैकिंग का पत्रकारिता से कोई सम्बन्ध नहीं सोचा गया था। नैतिक हैकिंग का इस्तेमाल पत्रकारिता में करके जूलियन असांज ने पत्रकारिता को न सिर्फ़ नये आयाम दिये हैं बल्कि किसी बदनाम तकनीक के सकारात्मक उपयोग के नये रास्ते खोले हैं। लेकिन इस प्रक्रिया में  जूलियन के तमाम विरोधी भी पैदा हो गये हैं। हमें जूलियन असांज के समर्थन में एकजुट होना चाहिये। सबसे दुखद तथ्य तो यह है कि तमाम जनकल्याणकारी तकनीकों का नकारात्मक इस्तेमाल सबसे पहले अमेरिका करता है चाहे परमाणु बम, रोबोटिक्स हो या कॊई अन्य तकनीक; वही अमेरिका जूलियन असांज पर तकनीक के दुरुपयोग करने के निराधार आरोप गढ़ रहा है।     
मेहरबान 


2 comments:

  1. ब्रिटिश मैगजीन 'न्यू स्टेट्समैन' ने अपने सितंबर के अंक में असांज को दुनिया की 50 सबसे प्रभावशाली हस्तियों में 23 वें स्थान पर रखा था। वहीं यूटने रीडर मैगजीन ने नवंबर-दिसंबर के अंक में जूलियन असांज को दुनिया के 25 ऐसे विजनरीज में से एक बताया था, जो हमारी दुनिया को बदलने में अपना योगदान दे रहे हैं।........आप ने महत्वपूर्ण जानकारी दी है...धन्यवाद

    ReplyDelete
  2. शुक्रिया राजेश जी.....

    ReplyDelete